बढ़ेंगी कीमतें; ऑटो सेक्टर में मचा हडक़ंप, शेयर बाजार में गिरावट
वॉशिंगटन डीसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका में आयात होने वाली सभी विदेशी कारों पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की है। यह नया टैरिफ 2 अप्रैल से प्रभावी होगा और 3 अप्रैल से इसकी वसूली शुरू हो जाएगी। ट्रंप का कहना है कि, यह फैसला अमेरिका में घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने और अमेरिकी अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लिया गया है। हालांकि, इस फैसले का वैश्विक बाजार और ऑटो उद्योग पर बड़ा प्रभाव पड़ सकता है।
विदेशी कारों पर क्यों लगाया गया टैरिफ?
ट्रंप प्रशासन का मानना है कि, विदेशी कारों पर टैरिफ लगाने से अमेरिका में नए कारखाने खुलेंगे और स्थानीय उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। उनका तर्क है कि, कनाडा और मेक्सिको में बनने वाले ऑटो पार्ट्स और तैयार वाहन अब अमेरिका में ही बनाए जाएंगे। ट्रंप ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि, अगर कोई कंपनी अमेरिका में कारों का निर्माण करती है, तो उस पर कोई टैरिफ नहीं लगाया जाएगा।
व्हाइट हाउस के अनुसार, इस कदम से अमेरिका को हर साल 100 अरब डॉलर का अतिरिक्त राजस्व मिलेगा। जिससे अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
अमेरिकी ग्राहकों के लिए महंगी हो सकती हैं कारें
विशेषज्ञों का मानना है कि, ट्रंप के इस फैसले से अमेरिका में कारों की कीमतों में भारी वृद्धि हो सकती है। वर्तमान में अमेरिका में नई कारों की औसत कीमत लगभग 49,000 अमेरिकी डॉलर है। अगर टैरिफ लागू होता है, तो विदेशी कारों की कीमत 12,500 डॉलर तक बढ़ सकती है। इससे अमेरिकी ग्राहकों को महंगी कारें खरीदनी पड़ेंगी, जिससे ऑटोमोबाइल सेक्टर की बिक्री में गिरावट आ सकती है।
अमेरिकी वाहन निर्माता कंपनियां कई ऑटो पार्ट्स और कच्चे माल को विदेशों से आयात करती हैं। ऐसे में टैरिफ लागू होने से उनकी लागत बढ़ेगी, जिसका सीधा असर ग्राहकों पर पड़ेगा।
विदेशी नेताओं की प्रतिक्रिया
अमेरिका के इस फैसले पर दुनियाभर के देशों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने ट्रंप के इस फैसले को सीधा हमला बताया और कहा कि उनकी सरकार अपने वर्कर्स और कंपनियों की रक्षा करेगी।
यूरोपीय कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डर लियेन ने भी इस फैसले पर नाराजगी जताई और कहा कि टैरिफ व्यवसायों के लिए नुकसानदायक और ग्राहकों के लिए और भी बुरा होता है।
यूरोपीय संघ ने अमेरिकी निर्यात पर 26 बिलियन डॉलर के प्रतिशोधात्मक टैरिफ लगाने की घोषणा कर दी है।
ब्रिटेन, जिसने 2023 में अमेरिका को 6.4 बिलियन पाउंड मूल्य की कारों का निर्यात किया था, इस टैरिफ से विशेष रूप से प्रभावित होगा।
भारत पर भी होगा असर
ट्रंप ने यह भी कहा है कि, अमेरिका जैसे को तैसा टैरिफ नीति लागू करेगा यानी भारत समेत सभी देशों पर टैरिफ बढ़ाए जाएंगे। ट्रंप का दावा है कि, भारत अमेरिका से 100त्न से ज्यादा टैरिफ वसूलता है, इसलिए अमेरिका भी अगले महीने से ऐसा ही करेगा। भारत का कुल विदेशी व्यापार का 17 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा अमेरिका के साथ होता है। अमेरिका, भारत के कृषि उत्पादों जैसे फल और सब्जियों का सबसे बड़ा खरीदार है। भारत में लग्जरी कारों पर पहले 125 प्रतिशत टैरिफ था, जिसे घटाकर 70 प्रतिशत कर दिया गया है। अगर अमेरिका ने भारत पर टैरिफ बढ़ाया, तो इससे भारतीय निर्यातकों को बड़ा नुकसान हो सकता है।

More Stories
जानिए हार के बाद शुभमन गिल क्या कहा !
लॉस एंजिल्स में अवैध प्रवासियों के समर्थन में प्रदर्शन हुआ हिंसक
लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी सैफुल्लाह पाकिस्तान में मारा गया