December 9, 2025

प्रताप बाजवा से पूछताछ खत्म : छह घंटे चले सवाल-जवाब

एफ.आई.आर. रद्द करने की मांग को लेकर हाईकोर्ट में सुनवाई कल

पंजाब : हैंड ग्रेनेड वाले बयान पर पंजाब में सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा पर रविवार देर रात मोहाली के साइबर क्राइम पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया और उन्हें समन भेजकर सोमवार को बयान दर्ज करवाने को कहा था। बाजवा मंगलवार दोपहर साइबर क्राइम थाने में पहुंचे।
नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा दोपहर दो बजे मोहाली स्थित साइबर क्राइम थाना पुलिस पहुंचे। पुलिस सूत्रों के अनुसार बाजवा से 6 घंटों की पूछताछ की गई है। इस दौरान पुलिस के सवालों पर नेता प्रतिपक्ष प्रदेश में सितंबर 2024 से अब तक हुए 18 हैंड ग्रेनेड हमलों की मीडिया रिपोर्ट्स अधिकारियों के सामने पेश करते रहे। उन्होंने जांच के दौरान कुछ अन्य मीडिया रिपोर्ट पेश कि जिनमें पंजाब में अब भी पाकिस्तान से आए हैंड ग्रेनेड होने की बात सामने आई थी।
इससे पहले प्रताप सिंह बाजवा ने अपने खिलाफ 13 अप्रैल को दर्ज एफआईआर को रद्द करने की मांग को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी है। मंगलवार सुबह दायर इस याचिका पर आज ही सुनवाई किए जाने की हाईकोर्ट से मांग की गई थी। लेकिन हाईकोर्ट ने याचिका पर सुनवाई कल किए जाने के आदेश दे दिए हैं। बाजवा की तरफ से आज सुप्रीम कोर्ट के सीनियर एडवोकेट विवेक तंखा और एपीएस देओल ने कहा कि बाजवा के खिलाफ यह एफआईआर राजनीतिक कारणों से दर्ज की गई है, इसलिए इस एफ.आई.आर. को रद्द किया जाए।
वहीं पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने भी बाजवा का समर्थन किया है। चन्नी ने कहा कि पूरी कांग्रेस बाजवा साहब के साथ है। हम मिलकर यह लड़ाई लड़ेंगे।
वहीं बाजवा पर एफआईआर दर्ज करने के खिलाफ पंजाब कांग्रेस ने आप सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आज पंजाब कांग्रेस चंडीगढ़ में पुलिस कार्रवाई के खिलाफ सेक्टर-15 में प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस ने प्रदेश के सभी नेताओं को इस प्रदर्शन में पहुंचाने का आह्वान किया है। सोमवार को कांग्रेस ने कई जिलों में मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ प्रदर्शन भी किया।
पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष प्रताप बाजवा पर एफआईआर दर्ज करके सरकार ने सारी हदें पार कर दी हैं। बाजवा ने सिर्फ वो बात कही थी, जो पहले ही मीडिया रिपोर्ट कर चुकी है। हम कोर्ट में सरकार की इस कार्रवाई को चुनौती देंगे और साथ ही इसे लोगों के बीच लेकर भी जाएंगे।
अपराधियों को छोड़ एक मैसेंजर के खिलाफ कर दी कार्रवाई : बाजवा
नेता प्रतिपक्ष प्रताप बाजवा ने कहा कि सीएम मान ने उनके बयान पर अपराधियों के खिलाफ तो कार्रवाई नहीं की, बल्कि एक मैसेंजर के खिलाफ कार्रवाई कर दी। बाजवा ने कहा कि रविवार को शाम 6.30 बजे यह एफआईआर दर्ज की गई, लेकिन मोहाली कोर्ट के निर्देशों पर सोमवार शाम 4.30 बजे उनको इसकी कॉपी मिली है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि पंजाब में कानून व्यवस्था के क्या हालात हैं। उन्होंने कहा कि सीएम मान यह कह रहे हैं कि बाजवा अब वकील ढूंढता फिर रहा है। एक व्यक्ति संदेश लेकर आया है, जो पंजाब के हालात के बारे में सीएम जानकारी दे रहा है, उसे ही निशाना बनाया जा रहा है। बाजवा ने कहा कि मैं पंजाब की सुरक्षा की लड़ाई लड़ रहा है और इस लड़ाई में कांग्रेस हाईकमान व पार्टी के सभी नेताओं व वर्करों के सहयोग के लिए उनका आभार जताता हूं।
सीएम मान ने राज्य की मशीनरी का किया दुरूपयोग : बिट्टू
केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीति बिट्टू ने कहा कि बाजवा की चिंताओं पर राजनेता के रूप में जवाब देने के बजाय मुख्यमंत्री ने एफआईआर दर्ज करके राज्य मशीनरी का दुरुपयोग करने का विकल्प चुना। सीएम मान ने न केवल पंजाब में गंभीर सुरक्षा चिंताओं को नजरअंदाज किया है, बल्कि इस मुद्दे का गैर-जिम्मेदाराना तरीके से राजनीतिकरण भी किया है। कैबिनेट रैंक वाले कांग्रेस नेता प्रताप बाजवा ने बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति पर केवल अपनी जायज चिंताएं जाहिर की हैं। इस तरह की कार्रवाई अलोकतांत्रिक और एक संवैधानिक पद के लिए अनुचित है।

About The Author