December 9, 2025

जालन्धर में दो कुख्यात ड्रग तस्करों के अवैध रूप से निर्मित मकानों पर चला बुल्डोजर

जालंधर : पंजाब सरकार के ‘युद्ध नशिया विरुद्ध’ अभियान के तहत जालंधर में आज एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। कमिश्नरेट पुलिस और नगर निगम की टीमों ने संयुक्त रूप से अशोक विहार इलाके में दो कुख्यात ड्रग तस्करों के अवैध रूप से निर्मित मकानों को जमींदोज कर दिया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व एडीसीपी आकर्षि जैन ने किया, जिनके अनुसार यह कदम उन संपत्तियों के खिलाफ उठाया गया है, जो ड्रग माफिया द्वारा नशे के कारोबार से अर्जित काले धन से बनाई गई थीं। ध्वस्त किए गए मकानों में एक महिला ड्रग तस्कर निशा खान उर्फ निशा चौधरी और दूसरा आरोपी दिलीप सिंह उर्फ दिलीप शामिल हैं। दोनों पर पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
करीब 70 कर्मचारियों की टीम, भारी पुलिस बल और बुलडोजरों की मदद से यह कार्रवाई सुबह से ही शुरू कर दी गई थी। स्थानीय लोगों की मौजूदगी में हुई इस कार्यवाही ने इलाके में हलचल मचा दी, वहीं प्रशासन ने इसे एक सख्त संदेश बताया है कि नशे के खिलाफ अब किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी।
फरार हैं दोनों आरोपी : पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी इस वक्त फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। उनके खिलाफ पहले से दर्ज मामलों की छानबीन तेज कर दी गई है और पुलिस टीमों को संभावित ठिकानों पर रवाना कर दिया गया है।
प्रशासन की सख्त चेतावनी : एडीसीपी आकर्षि जैन ने मीडिया से बात करते हुए कहा, यह केवल शुरुआत है। जो भी व्यक्ति ड्रग तस्करी में लिप्त पाया जाएगा और अवैध संपत्तियां बनाएगा, उसके खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान से यह स्पष्ट है कि पंजाब सरकार और प्रशासन अब नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की दिशा में निर्णायक कदम उठा रहा है। स्थानीय जनता ने भी इस कदम की सराहना की है और इसे क्षेत्र में नशे के खिलाफ एक मजबूत संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

About The Author