4 की मौत, दर्जनों घायल; कई अभी भी मलबे में दबे
मुक्तसर : पंजाब के मुक्तसर जिले के सिंघेवाला गांव में गुरुवार देर रात एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका हो गया। हादसा इतना भयानक था कि फैक्ट्री की दो मंजिला इमारत पलभर में धराशायी हो गई। अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि करीब 25 से अधिक मजदूर घायल हुए हैं और कई अभी भी मलबे में दबे हुए हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है।
रात करीब 1 बजे हुआ विस्फोट
यह हादसा देर रात करीब 12,50 से 1.30 बजे के बीच हुआ। फैक्ट्री में काम करने वाले वर्कर अरुण सक्सेना ने बताया कि वह खुले में सो रहे थे, तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ। जब तक लोग संभलते, तब तक फैक्ट्री की इमारत गिर चुकी थी। फैक्ट्री में करीब 40 कर्मचारी काम करते थे, जिनमें से 15 किसी तरह जान बचाकर बाहर निकल आए, लेकिन बाकी मलबे में दब गए।
घायलों की हालत गंभीर, बठिंडा एम्स में भर्ती
घायल मजदूरों को तुरंत बठिंडा के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में अधिकतर मजदूर उत्तर प्रदेश और बिहार से आए प्रवासी हैं, जो यहां दो शिफ्टों में काम करते थे। कुछ अपने परिवारों के साथ फैक्ट्री परिसर में ही रह रहे थे।
मौके पर पुलिस-प्रशासन और राहत टीमें तैनात
धमाके की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसएसपी डॉ. अखिल चौधरी, एसपी (डी) मनमीत सिंह, डीएसपी जसपाल सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी राहत कार्य की निगरानी कर रहे हैं। डेरा सच्चा सौदा सिरसा की ग्रीन एस फोर्स के कार्यकर्ता भी मौके पर राहत कार्य में लगे हैं। मलबा हटाने के लिए हाइड्रो मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
फैक्ट्री लाइसेंसशुदा, लेकिन ठेकेदार फरार
जानकारी के अनुसार, यह पटाखा फैक्ट्री सिंघेवाला-फुतूहीवाला गांव के खेतों में स्थित है और इसका मालिक तरसेम सिंह है। फैक्ट्री मंजूरशुदा बताई जा रही है, लेकिन पटाखा निर्माण का काम उत्तर प्रदेश के हाथरस निवासी ठेकेदार राज कुमार के अधीन था। हादसे के बाद से वह फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
हरियाणा नंबर का वाहन और खाली पटाखे के डिब्बे बरामद
धमाके के बाद घटनास्थल से कॉर्सेर कंपनी के खाली पटाखा डिब्बे और हरियाणा नंबर की एक छोटा हाथी गाड़ी भी बरामद की गई है, जो फैक्ट्री से माल की आपूर्ति में इस्तेमाल होती थी। यह भी जांच का विषय है कि वहां तैयार पटाखे कैसे और कहां भेजे जा रहे थे।
विस्फोट के कारणों की जांच जारी
डीएसपी जसपाल सिंह ने बताया कि विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार 4 की मौत और 27 से ज्यादा मजदूर घायल हुए हैं। एसएसपी डॉ. अखिल चौधरी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच होगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
नितिन कोहली कार्यालय की ओर से नई हेल्पलाइन और कार्यालय सेवा की आधिकारिक शुरुआत,किया हेल्पलाइन नंबर जारी
जालंधर में फिर हुई शर्मनाक घटना , शिक्षक दसवीं की छात्रा के साथ करने लगा जबरदस्ती
*ਕੇਂਦਰ ਸਰਕਾਰ ਵੱਲੋਂ ਸੰਵਿਧਾਨ ਦੀ ਸੋਧ ਕਰਕੇ ਚੰਡੀਗੜ੍ਹ ਨੂੰ ਪੰਜਾਬ ਨਾਲੋਂ ਖੋਹਣਾ ਪੰਜਾਬੀਆਂ ਨਾਲ ਬੇਇਨਸਾਫੀ ਅਤੇ ਸਾਡੇ ਸੰਵਿਧਾਨਿਕ ਹੱਕਾਂ ਤੇ ਡਾਕਾ ਹੈ। ਚੰਡੀਗੜ੍ਹ ਨਾਲ ਪੰਜਾਬੀਆਂ ਦੇ ਜਜ਼ਬਾਤ ਜੁੜੇ ਹਨ ਅਤੇ ਇਸ ਨੂੰ ਕਦੇ ਵੀ ਪੰਜਾਬ ਤੋਂ ਵੱਖ ਨਹੀਂ ਕੀਤਾ ਜਾ ਸਕਦਾ