December 9, 2025

पादरी बरजिंदर सिंह के खिलाफ योन उत्पीडऩ का मामला दर्ज

कपूरथला की महिला ने लगाए संगीन आरोप

जालंधर : पंजाब के मशहूर पास्टर प्रॉफिट बरजिंदर सिंह खिलाफ कपूरथला में छेड़छाड़ का केस दर्ज किया गया है। कपूरथला निवासी की एक महिला की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता ने पास्टर पर छेड़छाड़ के अलावा परिवार को उससे जान का खतरा भी बताया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना सिटी में दर्ज एफआईआर में कपूरथला निवासी महिला ने बताया कि प्रोफिट बरजिंदर सिंह जालंधर के गांव ताजपुर में द चर्च ऑफ ग्लोरी एंड विस्डम नाम से मसीही सत्संग करता है। महिला ने बताया कि उसके माता-पिता ने अक्टूबर 2017 में इसके चर्च में जाना शुरू किया था। जहां पर उसने मेरा फोन नंबर ले लिया और फोन पर मेरे साथ उल्टी सीधी बातें करने लगा और मैसेज भी करने लगा।
महिला ने बताया कि इसके मैसेज से मैं डरने लगी। वह इन हरकतों को अपने माता-पिता को बताने से भी डरने लगी थी, लेकिन उसके फोन पर गलत बातें करने का सिलसिला जारी रहा। उसने बताया कि उसके बाद 2022 में उसने मुझे रविवार के दिन चर्च में कैबिन में अकेले बिठाना शुरू कर दिया। जब-जब वह कैबिन में अकेली होती थी, तो यह कैबिन में आकर उसे गलत तरीके से छूता था।
महिला ने बताया कि वह बुरी तरह से डरी हुई है। उसने अंदेशा जताया कि ये हमें मरवा देगा। महिला ने कहा, यदि उसे व उसके परिवार को कोई भी जान-माल का नुकसान हुआ तो इसका जिम्मेवार बरजिंदर सिंह और अवतार सिंह होंगे। थाना सिटी की पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर प्रोफिट बरजिंदर सिंह निवासी न्यू चंडीगढ़ के खिलाफ केस दर्ज करके जांच तेज कर दी है।

About The Author