December 9, 2025

हरियाणा में 9 नगर निगम समेत 40 निकायों में मतदान जारी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने करनाल में डाला वोट, ईवीएम में गड़बड़ी की भी शिकायत

हरियाणा : हरियाणा में आज नगर निकाय चुनाव के तहत 9 नगर निगम समेत 40 निकायों में मतदान हो रहा है। मतदान सुबह से ही जारी है और यह शाम 6 बजे तक चलेगा। इस दौरान कुछ जगहों पर ईवीएम खराब होने और अन्य अव्यवस्थाओं की शिकायतें भी सामने आईं। वहीं, कई दिग्गज नेताओं और मंत्रियों ने मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी निभाई।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने डाला वोट
करनाल नगर निगम चुनाव के तहत प्रेम नगर स्थित गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी बॉयज स्कूल के बूथ नंबर 239 पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने मतदान किया। वह सुबह मतदान करने वाले दूसरे मतदाता थे। करनाल में मतदाताओं में भारी उत्साह देखा गया और लोग बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचे।
अन्य नेताओं ने भी किया मतदान
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने फरीदाबाद के सेक्टर 28 में बने मतदान केंद्र पर वोट डाला। देश की सबसे अमीर महिला विधायक सावित्री जिंदल ने हिसार में मतदान किया। वह हिसार से निर्दलीय विधायक हैं लेकिन अब भाजपा सरकार को समर्थन दे रही हैं। परिवहन एवं बिजली मंत्री अनिल विज ने अंबाला की शास्त्री कॉलोनी स्थित बूथ पर मतदान करने जाने की घोषणा की।
ईवीएम में गड़बड़ी से प्रभावित हुआ मतदान
मतदान के दौरान कई जगहों पर ईवीएम खराब होने की शिकायतें आईं, जिससे वोटिंग बाधित हुई। रोहतक के वार्ड 16 में भारतीय कन्या स्कूल में बनाए गए बूथ पर मेयर वोटिंग के लिए लगी ईवीएम मशीन खराब हो गई थी। पहले दो मशीनें आईं लेकिन वे भी खराब निकलीं। नई मशीन मंगवाने के बाद मतदान शुरू किया गया। गुरुग्राम के वार्ड 5 में भी ईवीएम में खराबी के कारण करीब एक घंटे तक मतदान रुका रहा।
नूंह में तावडू नगर पालिका चुनाव के दौरान बूथ पर ईवीएम मशीन बंद हो गई, जिससे करीब सवा घंटे बाद मतदान दोबारा शुरू किया जा सका।
किन सीटों पर हो रहा मतदान
आज 9 नगर निगमों और 40 निकायों में मतदान हो रहा है।
अंबाला और सोनीपत केवल मेयर का उपचुनाव हो रहा है। इसके अलावा गुरुग्राम, हिसार, रोहतक, फरीदाबाद, मानेसर, यमुनानगर और करनाल में मेयर और वार्ड पार्षदों का चुनाव हो रहा है। वहीं, पानीपत नगर निगम की वोटिंग 9 मार्च को होगी।
इन चुनावों के नतीजे 12 मार्च को घोषित किए जाएंगे। इसके बाद नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि नगर निकायों में अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।

About The Author