December 9, 2025

हरियाणा में कांग्रेस नेत्री हिमानी नरवाल हत्याकांड : पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

रोहतक में सूटकेस में मिला था शव

हरियाणा के रोहतक में कांग्रेस की युवा नेता हिमानी नरवाल हत्याकांड में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को शक के आधार पर हिरासत में लिया था, जिनसे पूछताछ के बाद एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। हत्या किसने और क्यों की, इसको लेकर खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि, जल्द ही मामले में बड़ा खुलासा किया जाएगा।
सूटकेस में मिला था शव
1 मार्च की सुबह रोहतक के सांपला बस स्टैंड के पास एक नीले रंग का लावारिस सूटकेस देखा गया था। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। जब पुलिस ने सूटकेस खोला, तो उसमें युवा कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल का शव मिला। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
ब्लैकमेलिंग के चलते हुई हत्या?
जानकारी के अनुसार, हत्या के पीछे का कारण ब्लैकमेलिंग हो सकता है। बताया जा रहा है कि हिमानी, आरोपी को किसी बात पर ब्लैकमेल कर रही थी। जिससे गुस्से में आकर आरोपी ने उसकी हत्या कर दी। गिरफ्तार आरोपी का नाम सचिन है, जो बहादुरगढ़ के पास एक गांव का रहने वाला है। हालांकि, पुलिस की ओर से इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
परिवार ने शव लेने से किया इनकार
हिमानी नरवाल की मां सविता का कहना है कि, जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वह अपनी बेटी का अंतिम संस्कार नहीं करेंगी। उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस बीच हिमानी का शव रोहतक क्कत्रढ्ढ की मॉर्च्युरी में रखा गया है।
राजनीतिक साजिश की आशंका
हिमानी की मां ने आरोप लगाया है कि, राजनीति में उनकी बेटी की बढ़ती लोकप्रियता से कुछ लोग नाराज थे। उन्होंने शक जताया कि पार्टी के ही कुछ लोग इस हत्या के पीछे हो सकते हैं। हालांकि, जब उनसे किसी विशेष व्यक्ति का नाम पूछा गया तो उन्होंने कहा, मैं किसी का नाम नहीं जानती, लेकिन पार्टी से जुड़े कई लोग मेरे घर आते थे।

About The Author