August 22, 2026

पटियाला में दर्दनाक हादसा : बच्चों से भरी स्कूल वैन और टिप्पर की टक्कर में 6 बच्चों समेत सात की मौत

पटियाला : पटियाला से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां एक बड़ा सडक़ हादसा हुआ है। पटियाला के समाना रोड पर बच्चों को लेकर जा रही एक स्कूल वैन दुर्घटना का शिकार हो गई। इस भीषण हादसे में वैन ड्राइवर और छह बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वैन में स्कूली बच्चे सवार थे। मृतकों में बच्चों के भी शामिल होने की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हालांकि, मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पटियाला-समाना रोड पर बच्चों से भरी एक निजी स्कूल वैन के हादसे का शिकार होने की खबर मिली है, जिसमें स्कूल वैन के ड्राइवर सहित कुछ बच्चों की मौत हो गई और कुछ बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि वह पल-पल की अपडेट ले रहे हैं और ईश्वर से बिछड़ी आत्माओं की शांति तथा घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।
जानकारी के अनुसार, यह स्कूल वैन बच्चों को छुट्टी के बाद घर छोडऩे जा रही थी। रास्ते में वैन की एक टिप्पर से भीषण टक्कर हो गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा तस्वीरों से लगाया जा सकता है। प्रारंभिक सूचना के मुताबिक, इस हादसे में ड्राइवर और छह बच्चों की मौत हुई है, जबकि पांच घायल बच्चों को पटियाला के रजिंद्रा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त स्कूल वैन में कुल 12 बच्चे सवार थे।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। घायल बच्चों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। स्थानीय लोग भी राहत और बचाव कार्यों में पुलिस और प्रशासन की मदद कर रहे हैं। मामले की जांच जारी है।

About The Author

You may have missed