October 29, 2026

गदईपुर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारियों से मिले मेयर वनीत धीर सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर जारी, जल्द शुरू होंगे विकास कार्य; सीवरेज और स्ट्रीट लाइट की समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा,गदईपुर इंडस्ट्रियल एरिया को मिलेगी विकास की रफ्तार!

ब्यूरो, जालंधर। जालंधर नॉर्थ हलके के इंचार्ज एवं नगर निगम के मेयर वनीत धीर ने गदईपुर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ बैठक कर औद्योगिक क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने उद्योगपतियों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए सड़क निर्माण, सीवरेज व्यवस्था और स्ट्रीट लाइटों से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाने का भरोसा दिया।

 

बैठक के दौरान एसोसिएशन के प्रधान गुरचरण सिंह ने मेयर वनीत धीर का स्वागत किया। उद्योगपतियों ने बताया कि गदईपुर औद्योगिक क्षेत्र में सड़कों का निर्माण लंबे समय से लंबित होने के कारण उन्हें रोजमर्रा के कामकाज में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने और रात के समय बंद रहने वाली स्ट्रीट लाइटों को ठीक करवाने की मांग भी उठाई गई।

 

सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर जारी

मेयर वनीत धीर ने बताया कि गदईपुर में सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर जारी हो चुका है और जल्द ही सड़कों व गलियों का निर्माण कार्य शुरू करवाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सीवरेज व्यवस्था में सुधार और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ तालमेल कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और विकास कार्यों को गति देने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

 

औद्योगिक विकास के लिए बेहतर सुविधाएं जरूरी

वनीत धीर ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र किसी भी शहर की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए उद्योगपतियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना जरूरी है। सड़क, सीवरेज और रोशनी जैसी सुविधाएं केवल कारोबार के लिए ही नहीं, बल्कि यहां काम करने वाले कर्मचारियों और आसपास रहने वाले लोगों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण हैं।

 

उन्होंने भरोसा दिलाया कि उद्योगपतियों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर काम किया जाएगा तथा क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

 

इस अवसर पर बिट्टू कालिया, गगन मल्होत्रा, विजय भाटिया, जेबी सिंह चौधरी, पीयूष सेठ, मोंटी गुप्ता, किशन पासी, नवदीप सिंह विरदी, सूरज सिंह, विशाल शर्मा, निखिल खन्ना और अंकुर कोहली सहित गदईपुर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

 

एसोसिएशन के सदस्यों ने उनकी समस्याएं सुनने और समाधान का भरोसा देने के लिए मेयर वनीत धीर का धन्यवाद किया।

About The Author

You may have missed