जेल से नशा नेटवर्क चला रहा था रोशन सिंह, अमेरिका से जुड़े तार
पंजाब : पंजाब के जगराओं में मंगलवार सुबह करीब 7 बजे गांव गुरूसर में पुलिस और नशा तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने बी.एम.डब्ल्यू. बाइक पर भाग रहे तस्कर रोशन सिंह पुत्र सुखदेव सिंह, निवासी बड़ा भाईके, फिरोजपुर, के पैर में गोली मार दी। गोली लगने से बाइक स्लिप हो गई और आरोपी गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके पर दबोच लिया और घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार, रोशन सिंह पर पंजाब के विभिन्न शहरों में हत्या, लूट, डकैती और नशा तस्करी के करीब 15 मामले दर्ज हैं। वह पहले पकड़े गए तीन तस्करों को 300 ग्राम हेरोइन की सप्लाई करता था, जिन्हें सोमवार को 301 ग्राम हेरोइन और अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया था। इन आरोपियों की पहचान अमृतपाल सिंह उर्फ अवीजोत (निवासी अजीतवाल), सर्बजीत सिंह उर्फ सब्बा और रविंदर सिंह (दोनों निवासी ढुडीके) के रूप में हुई थी। इनके खुलासे के बाद पुलिस ने रोशन सिंह को इस मामले में नामजद किया था।
मंगलवार को मोगा से गुरूसर रोड पर गश्त के दौरान पुलिस ने रोशन सिंह को देखा, जो पुलिस को देखकर सेम की ओर बाइक भगा ले गया। पीछा करने पर उसने देसी कट्टे से पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसकी टांग में लगी। पुलिस ने मौके से देसी कट्टा, 9 कारतूस और एक लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद किया, जिसके नंबर मिटाए गए हैं। पुलिस को शक है कि यह रिवॉल्वर चोरी का हो सकता है, जिसकी जांच जारी है।
एसएसपी डॉ. अकुर गुप्ता ने बताया कि रोशन सिंह जेल में रहते हुए भी नशे का नेटवर्क संचालित कर रहा था। उसके तार अमेरिका तक जुड़े हैं, जहां राजपूत नाम का एक व्यक्ति उससे संपर्क में था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन कहां से आ रही थी। साथ ही, रोशन सिंह के पुराने मामलों में शामिल साथियों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है ताकि यह जाना जा सके कि वे वर्तमान में कहां हैं और क्या कर रहे हैं। पुलिस यह भी जांच रही है कि आरोपी का किसी गैंगस्टर से संबंध है या नहीं।

More Stories
अगर पुलिस का एसपी ही सुरक्षित नहीं चोरों से, तो आम जनता कहां सुरक्षित होगी यह है आज का सच
पंजाब में अवैध प्रवासियों का मुद्दा:,“अवैध प्रवासियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई हो”— “पंजाब की सुरक्षा और युवाओं के भविष्य से जुड़ा है यह मुद्दा”— सिंह माहल का बड़ा बयान, जिम्मेदारी कौन लेगा
ਭਾਜਪਾ ਜ਼ਿਲ੍ਹਾ ਜਲੰਧਰ ਦੀ ਮੰਡਲ ਪ੍ਰਧਾਨਾਂ ਤੇ ਪ੍ਰਬੰਧਕਾਂ ਦੀ ਮੀਟਿੰਗ ਸੰਪੰਨ ਸੰਗਠਨਾਤਮਕ ਗਤੀਵਿਧੀਆਂ ਅਤੇ ਕੇਂਦਰ ਸਰਕਾਰ ਦੀਆਂ ਯੋਜਨਾਵਾਂ ਦੇ ਪ੍ਰਚਾਰ ‘ਤੇ ਜ਼ੋਰ: ਸੁਸ਼ੀਲ ਸ਼ਰਮਾ