* रोते हुए सुनाई आपबीती * कहा, मुझे छूकर कहते थे यहां से वजन घटाओ
जालन्धर : पंजाब के जालंधर की 20 वर्षीय मॉडल रेचल गुप्ता ने मिस ग्रैंड इंटरनेशनल का ताज वापस कर दिया है। उन्होंने रोते हुए कहा कि संस्था को सिर्फ पैसों से मतलब है। अपने सोशल मीडिया एकाउंट्स पर 56 मिनट का भावुक वीडियो डाली है, जिसमें कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने संगठन पर टौक्सिक वातावरण, वादा खिलाफी और दुर्व्यवहार जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
रेचल ने अक्तूबर 2024 में बैंकॉक में आयोजित प्रतियोगिता में मिस ग्रैंड इंटरनेशनल का खिताब जीता था। इससे पहले अगस्त 2024 में जयपुर में आयोजित मिस ग्रैंड इंडिया 2024 प्रतियोगिता में विजेता बनकर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
बुधवार रात को सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक भावुक संदेश में रेचल ने लिखा- यह निर्णय लेना आसान नहीं था, लेकिन मेरे लिए सही था। मैंने अपने देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए गर्व और आशा से भरकर यह यात्रा शुरू की थी, लेकिन इसके बाद के महीनों में मुझे चुप्पी, अनादर और उपेक्षा का सामना करना पड़ा। रेचल ने कहा कि उन्हें वजन को लेकर परेशान किया जाता था। एक बार उनके पास एक रिप्रेजेंटेटिव को भेजा गया, जो उन्हें अलग-अलग जगह पिंच करके बोल रहा था, ओह तुम्हें यहां से वजन कम करने की जरूरत है।
रेचल की तरफ से विरोध किए जाने के बाद मिस ग्रैंड इंटरनेशनल संगठन ने भी बयान जारी किया है। उनका कहना है- मिस ग्रैंड इंटरनेशनल ऑर्गेनाइजेशन ने यह घोषणा की है कि रेचल गुप्ता का मिस ग्रैंड इंटरनेशनल 2024 का खिताब तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जा रहा है। यह फैसला इसलिए लिया गया है क्योंकि रेचल गुप्ता ने अपने निर्धारित कर्तव्यों को पूरा नहीं किया, बिना अनुमति के बाहरी प्रोजेक्ट्स में हिस्सा लिया और ग्वाटेमाला की आधिकारिक यात्रा में शामिल होने से इनकार कर दिया। इस कारण संगठन ने उनका खिताब वापस लेने का निर्णय लिया है।

More Stories
गुरु पूर्णिमा पर भाजपा जालंधर शहरी ने 14 मंडलों में आयोजित किए श्रद्धा एवं सम्मान कार्यक्रम गुरुओं के आदर्शों पर चलकर ही सशक्त समाज और राष्ट्र का निर्माण संभव : अशोक सरीन हिक्की
दिल्ली में ड्रामा, पंजाब में ढोंग — आम आदमी पार्टी का असली चेहरा बेनकाब
सातवीं मंजिल से कूदकर एमबीबीएस छात्र की मौत, जीएमसीएच-32 में मचा हड़कंप