May 7, 2026

ट्रक चालक ने सड़क किनारे खड़ी ट्रक पर फांसी लगाकर की आत्महत्या

जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक ट्रक चालक ने सड़क किनारे खड़ी ट्रक पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना कटंगी-जबलपुर मार्ग की बताई जा रही है। मृतक चालक की पहचान बंशीलाल काकोडिया, निवासी सिवनी जिला के रूप में हुई है। आत्महत्या की इस अनोखी और दर्दनाक घटना ने राहगीरों और पुलिस दोनों को स्तब्ध कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, मृतक बंशीलाल पेशे से ट्रक चालक था और दमोह जिले के जबेरा से गेहूं लोड कर जा रहा था। रास्ते में उसने बेलखादू गांव के पास अपनी ट्रक (नंबर की पुष्टि पुलिस द्वारा की जा रही है) सड़क किनारे खड़ी की और कब, कैसे और क्यों उसने ऐसा कदम उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची कटंगी पुलिस ने शव को ट्रक के केबिन से लटकता हुआ पाया। पुलिस ने शव को फांसी के फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि मृतक ट्रक चालक सिवनी जिले का रहने वाला था और वह कई दिनों से ट्रांसपोर्ट कंपनी के लिए काम कर रहा था। प्राथमिक जांच में यह प्रतीत होता है कि चालक ने मानसिक तनाव या व्यक्तिगत कारणों के चलते यह कदम उठाया होगा।  स्थानीय लोगों का कहना है कि बंशीलाल ने ट्रक बेलखादू गांव के पास शाम के समय खड़ी की थी। कुछ देर बाद राहगीरों ने जब ट्रक से लटकता हुआ शव देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद ट्रक ड्राइवरों और परिवहन क्षेत्र के लोगों में भी शोक और चिंता का माहौल है। पुलिस अब मृतक के परिजनों और ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या उसके ऊपर कोई कर्ज या पारिवारिक विवाद चल रहा था, या फिर किसी पेशेगत दबाव के चलते उसने आत्महत्या की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

About The Author

You may have missed