October 28, 2026

सातवीं मंजिल से कूदकर एमबीबीएस छात्र की मौत, जीएमसीएच-32 में मचा हड़कंप

चंडीगढ़। सेक्टर-32 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH) में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एमबीबीएस अंतिम वर्ष के एक छात्र ने अस्पताल की सातवीं मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल छात्र को तुरंत ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान कर्ण संधू (23) के रूप में हुई है, जो वर्ष 2022 बैच का एमबीबीएस छात्र था और चंडीगढ़ के सेक्टर-32 का निवासी बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि छात्र ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

गौरतलब है कि करीब एक माह पहले भी जीएमसीएच-32 में एक जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर, डॉ. योगेश, की संदिग्ध आत्महत्या का मामला सामने आया था। उन्होंने अस्पताल परिसर में कथित रूप से इंजेक्शन लगाकर अपनी जान दे दी थी। अब एक और छात्र की मौत ने अस्पताल प्रशासन और मेडिकल समुदाय में चिंता बढ़ा दी है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।

About The Author

You may have missed