तीन जगह मिली हेरोइन की खेप, फिरोजपुर में तस्कर गिरफ्तार
पंजाब : पंजाब के अमृतसर में सीमा पार से पाकिस्तानी तस्करों की ओर से ड्रोन के जरिये भेजी गई हेरोइन और हथियारों की खेप को बीएसएफ के जवानों ने बुधवार देर रात रिकवर किया है। बरामद हुई खेप में छह पैकेट हेरोइन, दो पिस्तौल और दो स्मार्टफोन है। यह रिकवरी सीमा के साथ लगते गांव हरदो रतन से हुई है।
जानकारी मुताबिक बीएसएफ के खुफिया विंग को सूचना मिली थी कि पाकिस्तानी तस्करों की ओर से सीमा पार हेरोइन और हथियार भेजने की कोशिश की जा रही है। इसी के तहत बीएसएफ के जवानों ने निगरानी बढ़ा दी और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी। बुधवार देर रात को जवानों ने हरदो रतन गांव के पास कुछ हरकत होती देखी। इसके बाद पास जाकर देखा तो एक ड्रोन दिखाई दिया। जिसे जवानों ने तुरंत गोली से निशाना बनाया और वह खेतों में जा गिरा।
इसके बाद खेतों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। तलाशी के दौरान वहां से छह पैकेट बरामद हुए। जिसमें कुल 3.319 किलोग्राम हेरोइन थी। इसके अलावा दो 30 बोर की पिस्तौल और दो स्मार्टफोन भी बरामद किए। रिकवरी के बाद बीएसएफ की ओर से पुलिस को इस बारे सूचित कर दिया है। ताकि पता चल सके कि यह हेरोइन किन लोगों ने इस तरफ से उठाकर ले जानी थी। इसके अलावा बरामद हुए मोबाइल फोन की भी फारेंसिक जांच की जा रही है। ताकि उसका डाटा भी रिकवर हो सके।
पाकिस्तानी ड्रोन ने गिराई हेरोइन, उठाकर ले जा रहे तस्कर गिरफ्तार
इधर फिरोजपुर के ममदोट में साथ लगते बॉर्डर पर पाकिस्तानी ड्रोन ने भारतीय सीमा में गिराई हेरोइन की खेप उठाकर ले जा रहे एक तस्कर को बीएसएफ ने काबू किया है। तस्कर को स्थानीय पुलिस के हवाले किया है ताकि उसके नेटवर्क का पता चल सके। थाना ममदोट पुलिस ने वीरवार को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बीएसएफ अधिकारियों के मुताबिक उनके खुफिया विंग को गुप्त सूचना मिली थी कि पाकिस्तानी ड्रोन ने बीएसएफ की बीओपी जल्लोके (माता रानी मंदिर) के पास खेतों में हेरोइन की खेप गिराई है। यह खेप किसी भारतीय तस्कर ने मंगवाई है। जैसे ही तस्कर कुलदीप सिंह वासी गांव वहेड़ी (ममदोट) उठाकर ले जा रहा था कि बीएसएफ की बटालियन 182 के जवानों ने उसे काबू कर लिया। ड्रोन ने आसमान से खेत में पांच पैकेट फेंके थे। ये पैकेट पीली टेप से लिपटे हुए थे। इसके साथ हरे रंग की एक चमकीली गेंद लगी हुई थी, ताकि पता चल सके कि खेप कहां गिरी पड़ी है। हेरोइन का वजन दो किलो 670 ग्राम था। बीएसएफ ने आरोपी को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया है ताकि इसके नेटवर्क का पता लग सके। कुलदीप के पाकिस्तानी तस्करों से गहरे संबंध हैं।
इसी तरह, बीएसएफ को तरनतारन के सांकत्रा इलाके से पाकिस्तानी ड्रोन द्वारा फेंका हेरोइन का पैकेट मिला है, जो पीली टेप से लिपटा हुआ था। इसमें 532 ग्राम हेरोइन थी।

More Stories
अगर पुलिस का एसपी ही सुरक्षित नहीं चोरों से, तो आम जनता कहां सुरक्षित होगी यह है आज का सच
पंजाब में अवैध प्रवासियों का मुद्दा:,“अवैध प्रवासियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई हो”— “पंजाब की सुरक्षा और युवाओं के भविष्य से जुड़ा है यह मुद्दा”— सिंह माहल का बड़ा बयान, जिम्मेदारी कौन लेगा
ਭਾਜਪਾ ਜ਼ਿਲ੍ਹਾ ਜਲੰਧਰ ਦੀ ਮੰਡਲ ਪ੍ਰਧਾਨਾਂ ਤੇ ਪ੍ਰਬੰਧਕਾਂ ਦੀ ਮੀਟਿੰਗ ਸੰਪੰਨ ਸੰਗਠਨਾਤਮਕ ਗਤੀਵਿਧੀਆਂ ਅਤੇ ਕੇਂਦਰ ਸਰਕਾਰ ਦੀਆਂ ਯੋਜਨਾਵਾਂ ਦੇ ਪ੍ਰਚਾਰ ‘ਤੇ ਜ਼ੋਰ: ਸੁਸ਼ੀਲ ਸ਼ਰਮਾ