August 22, 2026

वक्फ कानून का समर्थन पड़ा भारी : मणिपुर में भीड़ ने भाजपा नेता असकर अली का घर फूंका

इंफाल : मणिपुर के थौबल जिले में रविवार को अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष असकर अली मककमयूम के घर पर उग्र भीड़ ने हमला कर दिया। भीड़ ने नए वक्फ कानून का समर्थन करने पर उनके घर में तोडफ़ोड़ करने के साथ ही आग लगा दी। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
हमले के बाद भाजपा नेता ने मांगी माफी
बीजेपी नेता असकर अली ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में वक्फ संशोधन कानून का समर्थन किया था। इसके बाद विरोध शुरू हो गया और रविवार देर शाम को लिलोंग हाओरेबी इलाके में उनकी रिहायश पर भीड़ इक_ा हो गई। पहले तोडफ़ोड़ की गई और फिर घर को आग के हवाले कर दिया गया। इस हमले के बाद असकर अली ने सोशल मीडिया पर माफी मांगते हुए कहा, मैं अपने बयान के लिए मुस्लिम समुदाय और मैतेई पांगाल समाज से माफ़ी मांगता हूं और केंद्र सरकार से अपील करता हूं कि इस कानून को वापस ले लिया जाए।
दमकल और पुलिस टीम को भी रोका गया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब दमकल और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो भीड़ ने उन्हें रोक दिया और काफी विरोध किया। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है और न ही अब तक किसी की गिरफ्तारी हुई है।
केंद्र सरकार ने जारी किया नोटिफिकेशन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मंजूरी के बाद वक्फ (संशोधन) अधिनियम 2025 को केंद्र सरकार ने 5 अप्रैल, 2025 को गजट नोटिफिकेशन के जरिए जारी कर दिया। कानून को लागू करने की तारीख अलग से घोषित की जाएगी। लोकसभा और राज्यसभा में लंबी बहस के बाद यह विधेयक पारित किया गया था।

About The Author

You may have missed