May 7, 2026

भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस पर प्रदेश महामंत्री राकेश राठौर ने फहराया पार्टी ध्वज

जालंधर 6 अप्रैल भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर पंजाब प्रदेश के महामंत्री राकेश राठौर ने आज अपने निवास स्थान पर पार्टी का ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं देशवासियों को भारतीय जनता पार्टी के 47 वे स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

राठौर ने अपने संदेश में कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र सेवा, सुशासन और अंत्योदय के सिद्धांतों का प्रतीक है। पार्टी ने सदैव अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान, विकास और सशक्तिकरण को अपनी प्राथमिकता में रखा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ देश निरंतर नई ऊँचाइयों को छू रहा है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता इसी विचारधारा को लेकर समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचने का कार्य कर रहे हैं।

इस अवसर पर राकेश राठौर ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की नीतियों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लें तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएँ। उन्होंने कहा कि आइए, हम सब मिलकर सेवा, समर्पण और विकास के मार्ग पर चलते हुए देश को नई ऊँचाइयों पर ले जाने का संकल्प लें।

About The Author

You may have missed