July 3, 2026

जालन्धर वासियों को मुख्यमंत्री मान ने दी बड़ी सौगात

मुख्यमंत्री मान व केजरीवाल ने किया बर्ल्टन पार्क स्पोर्ट्स हब का उद्घाटन
अमृतसर के लिए भी किया ऐलान

जालंधर : 17 साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार विश्व प्रसिद्ध खेल नगरी जालंधर को बर्ल्टन पार्क स्पोर्ट्स हब की सौगात मिल ही गई। आज मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी (आप) सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने बर्ल्टन पार्क स्पोर्ट्स हब का उद्घाटन किया। सीएम मान ने करीब 77 करोड़ रुपये की लागत वाली खेल प्रोजेक्ट का नींव पत्थर रखा। इस अवसर पर अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम पंजाब को खेलों में नंबर वन बनाएंगे। आने वाले दिनों में जालंधर में बर्ल्टन पार्क क्रिकेट समेत कई अन्य मैच देखने को मिलेंगे। उन्होंहने कहा कि आने वाले समय में बर्ल्टन पार्क का नाम बदला जाएगा। सीएम मान ने कहा कि मैं स्पोर्ट्स प्रेमी हूं। जालंधर ने देश के लिए कई खिलाड़ी दिए हैं। भारतीय हॉकी टीम में जालंधर के 8 खिलाड़ी हैं।
गौरतलब है कि नगर निगम के मेयर विनीत धीर, कमिश्नर गौतम जैन, राज्यसभा सदस्य और एलपीयू के चांसलर डॉ. अशोक मित्तल और ‘आप’ नेता नितिन कोहली के अथक प्रयासों से इस प्रोजेक्ट को पुनर्जीवित किया गया है। पुराने ठेकेदार को फिर से काम करने के लिए राजी किया गया, जिससे दोबारा टेंडर प्रक्रिया की जरूरत नहीं पड़ी और समय की बचत हुई। खास बात यह है कि 2008 में 500 करोड़ रुपये के बजट से शुरू हुआ यह प्रोजेक्ट राजनीतिक और प्रशासनिक लापरवाही का शिकार रहा।
बर्लटन पार्क स्पोर्ट्स हब, जो लगभग 78 करोड़ रुपए की लागत से विकसित होने वाला एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है, की नींव रखने के बाद सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अरविंद केजरीवाल ने इसे ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि यह पहल हजारों लोगों को खेलों में शामिल होने और स्वस्थ जीवनशैली बनाए रखने के अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने यह भी बताया कि यह देश का अपनी तरह का पहला खेल परिसर होगा और एक साल के भीतर पूरा हो जाएगा।
अरविंद केजरीवाल ने जोर देकर कहा कि पंजाब कभी खेलों सहित कई क्षेत्रों में अग्रणी था, लेकिन परंपरागत राजनीतिक पार्टियों की पिछड़ी नीतियों के कारण इसका पतन हुआ। उन्होंने इन पार्टियों को नशे के खतरे को बढ़ाने के लिए जिम्मेदार ठहराया और जोर देकर कहा कि ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ ने अब नशे के नेटवर्क की रीढ़ तोड़ दी है। उन्होंने सरकार की साहसिक कार्रवाइयों, जैसे ऑपरेशन बुलडोजर के माध्यम से नशा तस्करों की संपत्तियों को जब्त करने और ध्वस्त करने के बारे में प्रकाश डाला।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि बर्लटन पार्क का नवीनीकरण नशा विरोधी अभियान के तहत एक रणनीतिक कदम है और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जल्द ही हर गांव में अत्याधुनिक स्टेडियम बनाए जाएंगे। उन्होंने दोहराया कि इस पहल का उद्देश्य पंजाब को देश में अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करना है। अरविंद केजरीवाल ने राज्य के उद्योग-अनुकूल रुख का भी जिक्र किया, जिसने महत्वपूर्ण निवेश को आकर्षित किया है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने जालंधर की विरासत का जिक्र किया कि यहां बेमिसाल खिलाड़ी पैदा हुए हैं, जिन्होंने देश को, खासकर हॉकी में, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्धि दिलाई है। उन्होंने कहा कि भारत की राष्ट्रीय हॉकी टीम के कई खिलाड़ी इस जिले से हैं, जिनकी तीन पीढय़िां इसके मैदानों से निकली हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों से राजनीतिक कुप्रबंधन के कारण पंजाब खेलों में पिछड़ गया।
मुख्यमंत्री ने अंत में पंजाब और इसके लोगों के सर्वांगीण विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा कि राज्य की पुरातन शान को हर हाल में बहाल किया जाएगा और इसके लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि वह दिन दूर नहीं, जब पंजाब हर क्षेत्र में देश का नेतृत्व करेगा।

About The Author

You may have missed